उदयपुर के आश्रम में 10 साल की मासूम से दरिंदगी: मां की मौत के बाद आश्रय मिला, संचालिका के भाई ने ही तोड़ा भरोसा

उदयपुर। शहर के एक आश्रम में 10 साल की बच्ची के साथ कथित यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि आश्रम संचालिका का भाई बच्ची के साथ गलत हरकतें करता था। बच्ची ने कई बार इसकी शिकायत आश्रम संचालिका से की, लेकिन आरोप है कि उसे चुप रहने के लिए कहा गया और कोई कार्रवाई नहीं की गई।

जानकारी के अनुसार बच्ची की मां का कुछ साल पहले निधन हो चुका है। बच्ची का पिता मजदूरी करता है और शराब का आदी बताया जा रहा है। करीब छह महीने पहले पिता अपनी इकलौती बेटी को आश्रम में छोड़ गया था। इसके बाद वह उससे मिलने भी नहीं आया।

पूर्व शिक्षक से रोते हुए बताई पूरी घटना

बच्ची को पहले पढ़ाने वाले एक शिक्षक कभी-कभी उससे मिलने और जरूरत का सामान देने आश्रम जाते थे। 5 अगस्त को शिक्षक बच्ची से मिलने पहुंचे तो बच्ची ने रोते हुए उनके सामने अपने साथ हो रहे कथित यौन शोषण की जानकारी दी। इसके बाद शिक्षक ने चाइल्ड हेल्पलाइन को शिकायत की।

शिकायत मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने 6 अगस्त को बच्ची को आश्रम से रेस्क्यू किया और बाल कल्याण समिति (CWC) के सामने पेश किया। समिति ने बच्ची को राजकीय बालिका गृह में सुरक्षित रखा है।

काउंसलिंग में सहमी हुई थी बच्ची

CWC अध्यक्ष यशोदा पणिहार के अनुसार, काउंसलिंग के दौरान बच्ची बेहद डरी और सहमी हुई थी। वह बार-बार कह रही थी कि उसे वापस आश्रम नहीं भेजा जाए। आरोप है कि आरोपी बच्ची को आश्रम में अकेला देखकर उसके साथ गलत हरकतें करता था। बच्ची के मना करने के बावजूद वह नहीं रुकता था।

13 अगस्त को दर्ज हुआ मामला

बाल कल्याण समिति की ओर से 13 अगस्त को स्थानीय पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया गया। पुलिस ने बच्ची के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

एसपी ने बालिका गृह पहुंचकर लिए बयान

एसपी डॉ. अमृता दुहन ने गुरुवार को राजकीय बालिका गृह का निरीक्षण किया और बच्ची से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बच्ची के बयान भी लिए। बच्ची ने एसपी को बताया कि उसने कई बार आश्रम संचालिका से आरोपी की शिकायत की थी, लेकिन उसकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया।

एसपी ने बच्ची को मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है।

Spread the love