
उदयपुर के घंटाघर थाना क्षेत्र में देर रात हुई चाकूबाजी की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। बिच्छू घाटी में आपसी विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार बिच्छू घाटी निवासी जीशान का कुछ युवकों से पहले से विवाद चल रहा था। देर रात जीशान ने फोन कर ठोकर चौराहा निवासी नईम और कुंदन को बिच्छू घाटी बुलाया। आमने-सामने आते ही दोनों पक्षों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई और माहौल बेकाबू हो गया।
इसी दौरान हुए हमले में बिच्छू घाटी निवासी साहिल को सीने में चाकू लग गया। वार इतना गंभीर था कि वह मौके पर ही बेसुध होकर गिर पड़ा। परिजन उसे तुरंत एमबी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा है।
