
उदयपुर के बाघपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस टीम पर जानलेवा हमला हो गया। लूटपाट की सूचना पर मौके पर पहुंची हाईवे पेट्रोलिंग टीम पर बदमाशों ने तलवार और चाकुओं से हमला कर दिया, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घटना रात करीब 11 बजे बरी गांव स्थित रणघाटी इलाके की है। हेड कॉन्स्टेबल गिरधारी लाल के अनुसार, कैलाश मीणा अपनी बहन के साथ पालियाखेड़ा की ओर जा रहा था। रणघाटी से पहले पुलिया के पास तीन बदमाशों ने दो बाइक सड़क पर आड़ी खड़ी कर रास्ता रोक लिया। जैसे ही कैलाश रुका, बदमाशों ने लूट के इरादे से हमला कर दिया। कैलाश किसी तरह बाइक मोड़कर भागा और पास के एक मकान में शरण लेकर जान बचाई।
सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर ही हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बावजूद पुलिस टीम ने हिम्मत दिखाते हुए जंगल के कच्चे रास्ते में छिपकर घेराबंदी की और मौका मिलते ही दो बदमाशों को पकड़ लिया।
पुलिस ने नारायण और मोहन डामोर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है।
इस मामले में बाघपुरा थाने में जानलेवा हमला और राजकार्य में बाधा का केस दर्ज किया गया है। घटना के बाद इलाके में पुलिस सतर्क हो गई है।
