भीलवाड़ा सांसद को फर्जी कॉल कर ठगी की कोशिश, गृह सचिव बन मांगी विधायकों की जानकारी, दिल्ली से आरोपी गिरफ्तार

भीलवाड़ा के सांसद दामोदर अग्रवाल को फर्जी कॉल कर ठगी करने की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने खुद को गृह सचिव बताकर मंत्रिमंडल विस्तार के नाम पर विधायकों के मोबाइल नंबर और अन्य जानकारी मांगने की कोशिश की थी।

जानकारी के अनुसार, 15 मार्च को सांसद के व्हाट्सएप नंबर पर कॉल आया, जिसमें पहले व्यक्ति ने खुद को गृह सचिव का पीए बताया। इसके बाद कॉल दूसरे व्यक्ति को ट्रांसफर किया गया, जिसने खुद को गृह सचिव बताया। 15 मार्च शाम से 16 मार्च सुबह तक 5-6 बार कॉल कर आरोपी ने बातचीत के जरिए विश्वास में लेने की कोशिश की।

आरोपी ने बातचीत के दौरान केंद्र सरकार की योजनाओं का हवाला देते हुए राजस्थान में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार का जिक्र किया और कहा कि गृह मंत्री विधायकों का फीडबैक लेना चाहते हैं। इसके लिए उसने विधायकों के मोबाइल नंबर देने और उन्हें कॉल करने के लिए कहने की बात कही।

बातचीत के तरीके और सवालों पर सांसद को संदेह हुआ। उन्होंने तुरंत गृह सचिव कार्यालय से संपर्क कर पुष्टि की, जहां से साफ हुआ कि इस तरह का कोई कॉल नहीं किया गया। इसके बाद भीलवाड़ा कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया गया।

पुलिस ने जांच के बाद दिल्ली के गाजीपुर थाना क्षेत्र स्थित सपेरा बस्ती से आरोपी गौरवनाथ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी एलएलबी का छात्र है और महंगी लाइफस्टाइल के चलते कर्ज में डूब गया था। इससे निकलने के लिए उसने ठगी का रास्ता अपनाया।

आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ दिल्ली, महाराष्ट्र और मणिपुर में भी ठगी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की, जिसमें कई अहम खुलासे हुए हैं।

Spread the love