
Udaipur में यूडी टैक्स बकाया को लेकर नगर निगम उदयपुर ने सख्ती बढ़ा दी है। गुरुवार सुबह निगम की टीमों ने शहर के दो बड़े शैक्षणिक संस्थानों पर कार्रवाई करते हुए BN यूनिवर्सिटी और RMV महिला कॉलेज के रजिस्ट्रार कार्यालय सीज कर दिए।
सुबह करीब 6 बजे हुई इस कार्रवाई के दौरान निगम की टीम सीधे कॉलेज परिसरों में पहुंची। परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए मेन गेट या शैक्षणिक गतिविधियों को प्रभावित नहीं किया गया और केवल रजिस्ट्रार ऑफिस पर सीजिंग की कार्रवाई की गई। साथ ही वहां नोटिस भी चस्पा किए गए, ताकि कॉलेज के छात्रों और परीक्षाओं पर कोई असर न पड़े।
निगम के अनुसार, इन दोनों संस्थानों पर कुल 30 लाख रुपए से अधिक का यूडी टैक्स बकाया है। इसमें करीब 25 लाख रुपए BN यूनिवर्सिटी और 5 लाख रुपए RMV कॉलेज पर लंबे समय से बकाया चल रहा है। कई बार नोटिस देने के बावजूद संबंधित संस्थानों द्वारा टैक्स जमा नहीं कराया गया, जिसके चलते यह कार्रवाई करनी पड़ी।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने कहा कि वित्तीय वर्ष के अंत तक 20 करोड़ रुपए की वसूली का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से अब तक करीब 17.60 करोड़ रुपए जमा हो चुके हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी प्रॉपर्टी मालिक यूडी टैक्स को नजरअंदाज कर रहे हैं, उनके खिलाफ भी इसी तरह सीजिंग की कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त के निर्देश पर राजस्व यूनिट की टीम, जिसमें रेवेन्यू इंस्पेक्टर मोहित अग्निहोत्री, विजय जैन और राहुल मीणा शामिल थे, ने यह पूरी कार्रवाई तेजी से अंजाम दी। निगम अब बकायेदारों के खिलाफ लगातार सख्त कदम उठाने के मूड में नजर आ रहा है।
