
उदयपुर। शहर में शादी समारोह में शामिल होने आए मेहमानों की खुशियां उस समय फीकी पड़ गईं, जब रातों-रात उनकी लग्जरी कारें क्षतिग्रस्त मिलीं। मामला प्रतापनगर थाना क्षेत्र के उदयसागर चौराहे के पास का है, जहां एक ट्रेलर ड्राइवर की लापरवाही से दो कारों को भारी नुकसान पहुंचा। पूरी वारदात पास ही स्थित होटल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार उदयसागर क्षेत्र के होटलों में इन दिनों विवाह समारोह आयोजित हो रहे हैं। बाहर से आए मेहमान अपनी इनोवा और क्रेटा जैसी लग्जरी गाड़ियां लेकर पहुंचे थे। रात में वाहन चालकों ने गाड़ियों को चौराहे के पास एक गेस्ट हाउस के बाहर खड़ा किया और ऊपर जाकर सो गए। किसी को अंदेशा नहीं था कि सुबह गाड़ियां बुरी तरह टूटी हुई मिलेंगी।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि साकरोदा की ओर से एक ट्रेलर तेज रफ्तार में आता है। वह पहले चौराहे से थोड़ा आगे निकल जाता है और फिर अचानक ब्रेक लगाता है। इसके बाद ड्राइवर ट्रेलर को तेजी से रिवर्स करता है। इसी दौरान पीछे खड़ी इनोवा और क्रेटा उसकी चपेट में आ जाती हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारों का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।
सुबह जब ड्राइवर नीचे आए तो गाड़ियों की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। आसपास पूछताछ के बाद होटल का सीसीटीवी फुटेज देखा गया, जिसमें पूरी घटना सामने आई। पीड़ित चालकों ने तुरंत प्रतापनगर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ट्रेलर और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
शादी के सीजन में हुई इस लापरवाही ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
