पूर्व पार्षद के बेटे के मुंह में डाली पिस्टल:बर्थ-डे मनाने गया था, सिर पर कट्टा रख धमकाया- भरतपुर में रहना है तो रंगदारी देनी होगी

भरतपुर में युवक से रंगदारी मांगने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन बदमाशों ने पूर्व पार्षद अमर सिंह के बेटे सु​मित के मुंह में पिस्टल डाल उसे धमकाया था। साथ ही शहर के मथुरा गेट थाने से 100 मीटर दूरी पर इन्होंने फायरिंग भी कर दी थी।

मामला 14 फरवरी का है। पुलिस ने इस मामले में तीन बदमाशों अज्जू ठाकुर, जीतू सहजवानी और कौशल शर्मा को सोमवार शाम को गिरफ्तार किया।

तीनों ने बदमाशों ने 14 फरवरी को सारस चौराहे पर बर्थ-डे सेलिब्रेट कर रहे सुमित और उसके दोस्तों के साथ मारपीट की थी। साथ ही धमकाया था-भरतपुर में रहना है तो फिरौती देनी होगी।


बर्थ-डे सेलिब्रेशन के दौरान हथियार लेकर पहुंचे बदमाश

सुमित शहर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र के गोपालगढ़ इलाके में रहता है। पूर्व निर्दलीय नगर निगम पार्षद अमर सिंह ने बताया कि उनका बेटा सुमित शहर में पार्किंग के ठेके लेने काम काम है। बदमाशों की धमकी और फायरिंग के बाद मथुरा गेट थाने में 15 फरवरी को शिकायत दी थी।

रिपोर्ट में सुमित ने बातया- 14 फरवरी को उसका बर्थ-डे था। वह अपने दोस्तों के साथ सारस चौराहे स्थित सन स्टार होटल में बर्थ-डे सेलिब्रेट कर रहा था। तभी वहां नशे में धुत्त तीन बदमाश अज्जू ठाकुर, जीतू सहजवानी, कौशल शर्मा आये। अज्जू ठाकुर और जीतू सहजवानी के पास हथियार थे।

यहां किसी बात को लेकर इनके बीच बहसबाजी शुरू हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि अज्जू और उसके साथियों ने सुमित के मुंह में पिस्टल डाल दी और रंगीदारी के लिए धमकाया। इस दौरान जीतू सहजवानी ने कट्टा निकाल सुमित के माथे पर रख दिया। फिर कहा- तुझे गोली मार दें या तू पैसे देगा।


धमकी के बाद सुमित के दोस्तों के साथ मारपीट की

होटल में जब विवाद बढ़ने लगा तो सुमित के दोस्त उसे छुड़वाने के लिए आए। अज्जू और जीतू सहजवानी ने बीच-बचाव करने आए सुमित के दोस्तों के साथ मारपीट की और फरार हो गए।

इस घटना के बाद जब सुमित मथुरा गेट थाने में एफआईआर करवाने जा रहा था तो थाने से 100 मीटर दूरी पर ही बदमाशों ने उसे पकड़ लिया।

यहां उसके साथ मारपीट की। जैसे ही सुमित इनसे बचकर भागा तो बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। हालांकि जैसे-तैसे वह वहां से बच निकला। अगले दिन 15 फरवरी को वह थाने पहुंचा और मामला दर्ज करवाया।

सीओ पंकज यादव ने बताया कि अज्जू ठाकुर और उसके साथियों ने सुमित को धमकी दी थी। सुमित पर पिस्टल तान बिजली घर चौराहे के पास फायरिंग भी की थी। शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अज्जू ठाकुर, जीतू सहजवानी और कौशल को गिरफ्तार कर लिया। आगे की कार्रवाई जारी है। तीनों से एक पिस्टल और 5 कारतूस बरामद किए गए है।

सीओ पंकज यादव ने बताया कि हमारे पास सूचना आई कि अज्जू ठाकुर और साथियों के द्बारा सुमित नाम के युवक को धमकी दी गई है। सुमित पर पिस्टल तानी गई और बिजली घर चौराहे के पास फायरिंग भी की गई। शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अज्जू ठाकुर, जीतू सहजवानी और कौशल को गिरफ्तार कर लिया। आगे की कार्रवाई जारी है। तीनों से एक पिस्टल और 5 कारतूस बरामद किए गए हैं।

Spread the love