
भीलवाड़ा। टेक्सटाइल सिटी भीलवाड़ा के करेड़ा थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक कलयुगी चाचा ने अपनी ही सगी नाबालिग भतीजी को हवस का शिकार बनाने की कोशिश की। आरोपी ने मासूम को सुनसान खेत में ले जाकर उसके साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ की। डरी-सहमी बच्ची जब घर नहीं पहुंची और परिजन उसे ढूंढने निकले, तब इस घिनौनी करतूत का खुलासा हुआ। पुलिस ने पीड़िता की मां की रिपोर्ट पर आरोपी देवर के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मां ने थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि दो दिन पहले उसकी नाबालिग बेटी खेत से वापस घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में उसके सगे चाचा (पिता का छोटा भाई) ने उसे रोक लिया। आरोपी डरा-धमकाकर बच्ची को पास के ही सुनसान खेतों की तरफ ले गया, जहाँ उसने मासूम के साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ शुरू कर दी। बच्ची के काफी देर तक घर न लौटने पर जब मां और अन्य परिजन उसे तलाशते हुए खेतों की तरफ पहुंचे, तो उन्हें बेटी बदहवास और रोती हुई मिली।
सीओ ओमप्रकाश सोलंकी ने बताया कि मासूम बच्ची ने रोते हुए अपनी मां को आपबीती सुनाई। उसने बताया कि काका ने उसे जबरन रोका और गलत काम करने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने और किसी को न बताने की धमकी भी दी। कलेजे के टुकड़े के साथ हुई इस हैवानियत को सुनकर मां तुरंत करेड़ा थाने पहुंची और अपनी ही देवर के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत केस दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। इलाके में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है और लोग आरोपी के खिलाफ सख्त सजा की मांग कर रहे हैं।
