
बाड़मेर। नए साल के जश्न के बीच बाड़मेर के शिव थाना इलाके से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ महज ‘ज्यादा खाना’ लेने जैसी मामूली बात पर एक सोलर प्लांट कर्मचारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। कोटड़ा मेहरों की ढाणी स्थित ‘रिन्यू पावर प्लांट’ परिसर में 1 जनवरी की देर रात कर्मचारी नए साल की पार्टी मना रहे थे। खुशियों के इस माहौल में अचानक दो कर्मचारियों के बीच खाने की मात्रा को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो चंद मिनटों में खूनी संघर्ष में बदल गई। इस आपसी झगड़े में एक सहकर्मी ने दूसरे के सिर पर पत्थर दे मारा, जिसके बाद घायल कर्मचारी ने इलाज के दौरान जोधपुर के अस्पताल में दम तोड़ दिया।
विवाद से लेकर मौत तक का घटनाक्रम शिव थाना प्रभारी सत्यप्रकाश विश्नोई के मुताबिक, विवाद झांसी (यूपी) निवासी मशीन ऑपरेटर सत्येंद्र सिंह और बाड़मेर के आकोड़ा निवासी सवाई सिंह के बीच हुआ था। पार्टी के दौरान भोजन लेते समय दोनों में बहस बढ़ी और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि पहले सवाई सिंह ने एक लकड़ी का डंडा सत्येंद्र के पैर पर मारा, जिससे बौखलाए सत्येंद्र ने पास ही पड़ा एक बड़ा पत्थर उठाया और सवाई के सिर पर दे मारा। पत्थर लगते ही सवाई लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर सत्येंद्र को शांत कराया और घायल सवाई को तुरंत शिव अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने के कारण उसे जोधपुर के एमडीएम अस्पताल रेफर किया गया, जहाँ 2 जनवरी की देर रात जिंदगी और मौत की जंग लड़ते हुए उसने अंतिम सांस ली।
आरोपी हिरासत में, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल नए साल की खुशियां मातम में बदलते ही प्लांट परिसर में सन्नाटा पसर गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सत्येंद्र सिंह को डिटेन कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। महज खाने के छोटे से विवाद में हुई इस हत्या ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या पार्टी के दौरान कर्मचारियों ने नशा कर रखा था, जिससे मामूली सी बात इतनी बड़ी वारदात में तब्दील हो गई।
