उर्स में ‘हाथ की सफाई’ दिखाने आए महाराष्ट्र के 8 शातिर अरेस्ट, अजमेर पुलिस ने मालेगांव गैंग से बरामद किए 25 लाख के मोबाइल

अजमेर। ख्वाजा गरीब नवाज के उर्स मेले की भीड़ का फायदा उठाकर जायरीनों की जेब काटने वाली एक बड़ी अंतरराज्यीय गैंग का अजमेर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। दरगाह थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के मालेगांव और नासिक से आए 8 शातिर बदमाशों को दबोचा है। पुलिस ने इनके पास से अलग-अलग कंपनियों के 54 कीमती मोबाइल बरामद किए हैं, जिनकी बाजार में कीमत करीब 25 लाख रुपए आंकी जा रही है। ये बदमाश उर्स की भीड़-भाड़ का फायदा उठाकर बड़ी चालाकी से वारदात को अंजाम देते थे।

अजमेर एसपी वंदिता राणा के निर्देश पर उर्स मेले में संदिग्धों पर नजर रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दरगाह थाना एसएचओ दिनेश जीवनानी की टीम ने मुखबिरों और होटल संचालकों से मिले इनपुट के आधार पर जाल बिछाया। पुलिस को सूचना मिली थी कि महाराष्ट्र की एक गैंग होटलों में रुककर वारदातों को अंजाम दे रही है। घेराबंदी कर जब संदिग्धों को पकड़ा गया, तो उनके पास से भारी तादाद में चोरी के मोबाइल मिले। गिरफ्तार आरोपियों में शेख हुसैन, नावेद अख्तर, साहिल शाह, शेख फैसल, फैजान खान, शेख रफीक, जावेद शाह और फैसल खान शामिल हैं।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पकड़े गए सभी आरोपी पेशेवर अपराधी हैं और इन पर पहले भी चोरी व नकबजनी के कई मामले दर्ज हैं। यह गैंग उर्स जैसे बड़े आयोजनों को इसलिए चुनती थी ताकि हजारों की भीड़ में आसानी से गायब हो सके। फिलहाल पुलिस इन आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन्होंने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और इनके गिरोह के तार और कहां-कहां जुड़े हैं। इस बड़ी कामयाबी के बाद पुलिस अब उर्स क्षेत्र में अन्य संदिग्धों की भी सरगर्मी से तलाश कर रही है।

Spread the love