उदयपुर में बदमाशों का दुस्साहस, घर में लगाई आग, लपटों के बीच से बेटी को अगवा करने की कोशिश, इलाके में दहशत

उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर से एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है जहाँ बदमाशों ने न सिर्फ कानून की धज्जियां उड़ाईं, बल्कि मानवता को भी शर्मसार कर दिया। मामला नाई थाना क्षेत्र के पई गांव का है, जहां बीती रात चार हमलावरों ने एक सोते हुए परिवार के घर को आग के हवाले कर दिया। हमलावरों का इरादा सिर्फ संपत्ति को नुकसान पहुँचाना नहीं था, बल्कि आग की लपटों के बीच जान बचाकर भाग रहे परिवार की 17 वर्षीय नाबालिग बेटी को वे जबरन उठाकर ले जाने की कोशिश करने लगे।

देर रात करीब 11 बजे जब पूरा गांव नींद के आगोश में था, तब इन बदमाशों ने केलूपोश घर को निशाना बनाया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और घर के बाहर खड़ी बाइक समेत पूरा आशियाना धू-धू कर जलने लगा। जब दम घुटने और धमाकों की आवाज से परिवार की नींद खुली, तो वे बदहवास होकर बाहर की तरफ भागे। इसी दौरान वहां मौजूद बदमाशों ने नाबालिग लड़की को पकड़ लिया और उसे खींचकर ले जाने लगे। परिवार की चीख-पुकार सुनकर जब पड़ोसी और ग्रामीण मौके पर जमा होने लगे, तो खुद को घिरता देख बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग निकले।

इस भीषण अग्निकांड में गरीब परिवार का सब कुछ जलकर राख हो गया है। घर में रखे बिस्तर, कपड़े और रसोई का राशन तक नहीं बचा, जिसके कारण परिवार को कड़ाके की ठंड में अपने रिश्तेदारों के यहां शरण लेनी पड़ी। पीड़ित पिता ने बताया कि हमलावर उनके जान-पहचान के ही लोग हैं और अब उन्हें अपने परिवार की सुरक्षा की चिंता सता रही है। इधर, सूचना मिलते ही नाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। थानाधिकारी देवीलाल के अनुसार, पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Spread the love