खाकी का ‘सुपर पंच’: नकाब पहनकर चुराई थी बाइक, फिर सूने मकान से साफ किया 10 तोला सोना, शातिर नकबजनी गिरोह का पर्दाफाश

उदयपुर। शहर की प्रतापनगर थाना पुलिस ने नकबजनी और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर बदमाश को दबोचकर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 100 ग्राम सोने के जेवरात और 1200 ग्राम चांदी बरामद की है। थानाधिकारी राजेन्द्र सिंह चारण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी लखनसिंह, निवासी गुरु नानक कच्ची बस्ती, ने अपने एक अन्य साथी शेरसिंह उर्फ शेरू के साथ मिलकर शहर के सुंदरवास इलाके में एक सूने मकान को निशाना बनाया था। आरोपी इतने शातिर थे कि उन्होंने वारदात के लिए भी चोरी की बाइक का इस्तेमाल किया। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त वह बाइक भी बरामद कर ली है जिसे उसने खेमपुरा क्षेत्र से नकाब पहनकर चुराया था।

वारदात का खुलासा तब हुआ जब अरविंद नगर सुंदरवास के रहने वाले प्रार्थी देवेन्द्र कुमार धींग ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी की बुजुर्ग माताजी अस्वस्थ होने के कारण पिछले दो सप्ताह से अपने दूसरे मकान पर रह रही थीं और अरविंद नगर वाला घर सूना था। 4 दिसंबर को जब पड़ोसियों ने घर के ताले टूटे और दरवाजे खुले देखे, तो तुरंत मालिक को सूचना दी। पीड़ित परिवार जब मौके पर पहुँचा तो घर के कमरों का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और अलमारी से कीमती जेवरात गायब थे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी जांच और मुखबिरों की सूचना पर लखनसिंह को बेड़वास इलाके से घेराबंदी कर दबोच लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने पहले पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए खेमपुरा से एक बाइक चोरी की और फिर उसी बाइक पर सवार होकर सूने मकान की रेकी कर चोरी को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी से करीब 10 तोला सोना और सवा किलो चांदी बरामद कर ली है, जो उसने अपने हिस्से में रखी थी। फिलहाल पुलिस इसके फरार साथी शेरसिंह की तलाश में दबिश दे रही है। थानाधिकारी के अनुसार, पकड़े गए आरोपी से शहर में हुई अन्य चोरी की वारदातों के खुलने की भी प्रबल संभावना है।

Spread the love