
रानपुर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रानपुर के प्रांगण में विद्यार्थियों के सुनहरे भविष्य की नींव रखने और उन्हें मानसिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से युवा साथी केंद्र द्वारा एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहकर जीवन में बड़े लक्ष्यों को हासिल करने के व्यावहारिक मंत्र दिए गए। युवा साथी केंद्र के एमआईएस मैनेजर निर्मल सैन ने सत्र को संबोधित करते हुए छात्रों को बताया कि सफलता के लिए ‘स्मार्ट स्टडी प्लानिंग’ कितनी अनिवार्य है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि एक बेहतर करियर के निर्माण के लिए अच्छी किताबें सबसे बड़ी मित्र होती हैं और सही समय पर सही प्लानिंग ही आपको भीड़ से अलग पहचान दिलाती है।
सेमिनार के दूसरे चरण में क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट लोकेन्द्र सैन ने आज के दौर की सबसे बड़ी चुनौती यानी मानसिक स्वास्थ्य पर गहराई से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाते हुए कहा कि अक्सर प्रतियोगिता के दबाव में छात्र तनाव का शिकार हो जाते हैं, लेकिन वास्तव में तनाव मुक्त रहकर ही किसी भी बड़े लक्ष्य को भेदा जा सकता है। उन्होंने बच्चों को अपने भीतर सकारात्मक सोच विकसित करने और अटूट आत्मविश्वास बनाए रखने की प्रेरणा दी, ताकि वे अपने सपनों को हकीकत में बदल सकें। इस मार्गदर्शक सत्र के अंत में स्कूल प्रशासन ने युवा साथी केंद्र की इस पहल की मुक्त कंठ से सराहना की और विश्वास जताया कि विशेषज्ञों के ये गुर विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में मील का पत्थर साबित होंगे।
