
बीकानेर – राजस्थान कांग्रेस के बड़े नेता रामेश्वर डूडी (62) का शुक्रवार देर रात बीकानेर में निधन हो गया। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे डूडी लंबे समय से बीमार थे। परिवार के अनुसार वे करीब 25 महीने से कोमा में थे।
डूडी की पहचान किसान नेता के साथ पेंट-शर्ट वाले जाट नेता के तौर पर भी थी। साल 2004 के बीकानेर लोकसभा चुनाव में उन्होंने बीजेपी कैंडिडेट और एक्टर धर्मेंद्र को कड़ी चुनावी टक्कर दी थी।
उनका अंतिम संस्कार आज बीकानेर में ही किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने डूडी के निधन को कांग्रेस के लिए बड़ा नुकसान बताया है।
पत्नी सुशीला डूडी कांग्रेस से विधायक
रामेश्वर डूडी की पत्नी सुशीला डूडी को साल 2023 के चुनाव में कांग्रेस ने नोखा विधानसभा से मैदान में उतारा था। उन्होंने भाजपा के कैंडिडेट को 8 हजार से ज्यादा वोटों से हराया था।
बीकानेर जिले में कांग्रेस की एकमात्र विधानसभा सीट नोखा से सुशीला डूडी की है। नोखा सीट रामेश्वर डूडी की परंपरागत सीट रही है।
रामेश्वर लाल डूडी का राजनीतिक करियर
- डूडी 1995 से राजनीतिक रूप से सक्रिय रहे। वह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे और राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता भी रहे।
- 1995 में डूडी ने पंचायती राज स्तर पर राजनीति शुरू की, वह 1995 से 1999 तक नोखा से प्रधान चुने गए।
- वह पूर्व संसद सदस्य रहे 1999 से 2004 तक लोकसभा में बीकानेर का प्रतिनिधित्व किया।
- वह 1999 से 2000 तक लोकसभा में खाद्य, नागरिक आपूर्ति और सार्वजनिक वितरण समिति के सदस्य भी रहे।
- वह 2013 में नोखा निर्वाचन क्षेत्र से राजस्थान विधानसभा के सदस्य चुने गए।
- वह 2018 में भाजपा के बिहारीलाल बिश्नोई से नोखा निर्वाचन क्षेत्र से हार गए।