
स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने एसआई भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में एक प्रोबेशनर एसआई को अरेस्ट किया गया है। वह जयपुर ग्रामीण पुलिस लाइन में तैनात था। एग्जाम से पहले लीक सॉल्व पेपर को पढ़कर एसआई भर्ती में चयनित हुआ था। एसओजी फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है।
एडीजी (एटीएस और एसओजी) वीके सिंह ने बताया- एसआई भर्ती परीक्षा 2021 पेपर लीक मामले में एसओजी की ओर से साल 2024 में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। मामले में आरोपी सत्येन्द्र सिंह यादव पुत्र ईश्वर सिंह यादव निवासी बहरोड़ कोटपूतली हाल सिरसी बिंदायका को अरेस्ट किया गया।
आरोपी सत्येन्द्र सिंह एसआई भर्ती पेपर की दोनों पारियों की लिखित परीक्षा में सॉल्व पेपर पढ़कर चयनित हुआ था। जो 15 सितम्बर 2021 को हुई थी। आरोपी सत्येन्द्र सिंह यादव वर्तमान में पुलिस लाइन जयपुर ग्रामीण में पुलिस एसआई (प्रोबेशनर) है।
वीके सिंह ने बताया- आरोपी सत्येन्द्र सिंह यादव का एसआई भर्ती परीक्षा-2021 की लिखित परीक्षा में मिले अंको का आरपीएससी अजमेर से विवरण प्राप्त किया गया था। इसमें सत्येन्द्र सिंह को हिन्दी विषय में 178.83 और सामान्य ज्ञान विषय में 160.33 अंक (कुल 339.16 अंक) प्राप्त किए। मैरिट क्रमांक 12 पर एसआई के पर पर चयनित हुआ।
एसओजी ने एसआई भर्ती के प्रश्न पत्रों के अनुसार दोबारा परीक्षा ली
एसओजी की जांच के दौरान राजस्थान पुलिस अकादमी (RPA) जयपुर में ट्रेनी एसआई की लिखित परीक्षा में आए प्रश्न पत्रों के अनुसार दोबारा परीक्षा ली गई थी। इसमें सत्येन्द्र सिंह यादव के एसआई की लिखित परीक्षा में प्राप्तांकों एवं विभाग की ओर से उन्हीं प्रश्न पत्रों से दोबारा ली गई। परीक्षा में भारी अंतर पाया गया।
अब तक 54 एसआई गिरफ्तार हो चुके
सत्येन्द्र सिंह की ओर से 10वीं क्लास में 55 प्रतिशत, 12वीं क्लास में 59 प्रतिशत और स्नातक में 57 प्रतिशत अंक प्राप्त किए गए हैं। एसआई भर्ती परीक्षा-2016, पटवारी भर्ती-2016 और आरएएस प्री-2018 में आरोपी सत्येन्द्र ने एग्जाम दी, लेकिन वह पास नहीं हो सका। एसओजी की ओर से अब तक 54 एसआई सहित कुल 118 आरोपी अरेस्ट किए जा चुके है।