सूरत दूसरे, नवी मुंबई तीसरे स्थान पर; राष्ट्रपति मुर्मू ने दिया सर्वोच्च सम्मान
पल पल राजस्थान /महावीर व्यास

इंदौर। इंदौर ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जब बात सफाई और स्वच्छता की हो, तो वह देश में सबसे आगे है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के नतीजों में इंदौर लगातार आठवीं बार भारत का सबसे स्वच्छ शहर बना है। गुरुवार को दिल्ली में घोषित हुए सर्वे के नतीजों में सूरत दूसरे और नवी मुंबई तीसरे स्थान पर रहे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इंदौर को यह सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया।
सुपर स्वच्छ लीग में भी इंदौर का जलवा
इस साल के सर्वे में ‘सुपर स्वच्छ लीग’ की कैटेगरी जोड़ी गई थी, जिसमें भी इंदौर ने शीर्ष स्थान हासिल किया। सूरत और नवी मुंबई ने यहां भी क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान पाया।
मेयर ने इजराइल से भेजा बधाई संदेश
इंदौर के मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने इजराइल से एक वीडियो संदेश भेजकर शहरवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा, “भारत सरकार ने इंदौर को अलग लीग में रखा था, फिर भी हम सबसे ऊपर रहे। यह इंदौर की जनता, नगर निगम और सफाईकर्मियों की एकजुटता का नतीजा है।”
इंदौर बना पूरे देश के लिए रोल मॉडल
इंदौर अब देश के अन्य शहरों के लिए स्वच्छता का “रोल मॉडल” बन गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहले इंदौर की सराहना कर चुके हैं। उन्होंने कहा था, “जब बाकी शहर किसी कार्य की योजना बनाते हैं, इंदौर तब तक उसे पूरा कर चुका होता है।”
लगातार आठ वर्षों से पहले स्थान पर
इंदौर ने 2017 से लेकर 2024 तक हर साल स्वच्छता सर्वेक्षण में पहला स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि केवल नगर निगम की मेहनत नहीं, बल्कि पूरे शहरवासियों की जागरूकता और जनभागीदारी की मिसाल है।
इंदौर का फॉर्मूला – नवाचार, समन्वय और जनसहयोग
स्वच्छता के क्षेत्र में इंदौर का मॉडल जनभागीदारी, टेक्नोलॉजी, नवाचार और सफाईकर्मियों की मेहनत का संगम है। निगमायुक्त शिवम वर्मा के नेतृत्व में निगम की टीम दिल्ली में पुरस्कार लेने पहुंची है।
