पल पल राजस्थान – हर्ष जैन
उदयपुर। उदयपुर शहर से हाल ही में एक बड़ी गिरफ्तारी ने अपराध जगत में खलबली मचा दी है। लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े कुख्यात बदमाश मनोज उर्फ चक्की सालवी को गुजरात की अहमदाबाद क्राइम ब्रांच की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर धर दबोचा। वह लंबे समय से वांछित चल रहा था और कथित तौर पर डॉन बनने की ख्वाहिश रखता था।
गुजरात क्राइम ब्रांच द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, मनोज सालवी मूल रूप से बोरी गांव का निवासी है, लेकिन उदयपुर के गोवर्धन विलास क्षेत्र के सेक्टर-14 में किराए से रह रहा था। जैसे ही पुलिस को उसके छिपे होने की सूचना मिली, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया और अहमदाबाद ले जाकर गिरफ्तार किया।
गुजरात एटीएस की रिपोर्ट के अनुसार, 14 दिसंबर 2022 को एलिसब्रिज थाना क्षेत्र के पंचवटी सर्कल से रूपलाल सालवी को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में रूपलाल ने खुलासा किया कि उसे यह देशी पिस्तौल मनोज सालवी ने ही मुहैया कराई थी। इस सुराग के बाद से ही मनोज पर नजर रखी जा रही थी।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मनोज सालवी 2023 में करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव गोगामेड़ी की हत्या के मामले में एनआईए द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है। वह इस मामले में डेढ़ साल तक जेल में रह चुका है और वर्तमान में जमानत पर बाहर था।
मनोज पर राजस्थान में 11 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, हथियार तस्करी और गैंग एक्ट जैसे आरोप शामिल हैं। साथ ही अहमदाबाद में भी उस पर एक केस दर्ज है।
मनोज की गिरफ्तारी से यह स्पष्ट होता है कि वह उदयपुर जैसे शांत शहर में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की गतिविधियों का विस्तार कर रहा था। वह युवाओं को जोड़कर गैंग को मजबूती देने की कोशिश में था।
पुलिस का कहना है कि मनोज से गहन पूछताछ की जा रही है और उसके नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
यह गिरफ्तारी राजस्थान और गुजरात की संयुक्त सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।