भीलवाड़ा में मौसम ने बदला मिजाज, तेज धूप के बाद आई राहत की बारिश

पल पल राजस्थान

भीलवाड़ा। भीलवाड़ा में गुरुवार को मौसम ने करवट ली। दिनभर की चिलचिलाती धूप, गर्मी और उमस के बाद शाम करीब 4:30 बजे आसमान में बादल छाए और हल्की बारिश शुरू हो गई।

शुरुआत में हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन कुछ ही देर में रिमझिम फुहारों ने शहर की सड़कों को तरबतर कर दिया। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया। बारिश के चलते शहर की कई सड़कों पर पानी बहने लगा। गर्मी से बेहाल लोग इस अनायास मिली ठंडक का आनंद लेते नजर आए।

मौसम विभाग ने पहले ही 1 मई से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने की बात कही थी। इसके चलते पूरे क्षेत्र में मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई थी। बुधवार को भी शाम को हल्की बूंदाबांदी हुई थी।

बुधवार को भीलवाड़ा का अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस था, जबकि न्यूनतम 24.6 डिग्री। आज दोपहर तक पारा 40 डिग्री के आसपास पहुंच चुका था, लेकिन बारिश के बाद इसमें गिरावट आई है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में भी जिले के कुछ हिस्सों में तेज अंधड़, बिजली की चमक और बारिश देखने को मिल सकती है।

Spread the love