उदयपुर। SIR के खिलाफ देशभर में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच गुरुवार को उदयपुर में भी कांग्रेस और INDIA गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने टाउन हॉल से जिला कलेक्ट्रेट तक विरोध मार्च निकाला। मार्च के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और SIR के विरोध में नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट की ओर बढ़े।
टाउन हॉल से शुरू हुआ यह मार्च शहर के प्रमुख रास्तों से होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचा। प्रदर्शनकारियों के हाथों में विरोध से जुड़े पोस्टर और तख्तियां नजर आईं। कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी करते हुए SIR के खिलाफ अपना विरोध दर्ज करा रहे थे।

कलेक्ट्रेट के बाहर पुलिस से आमना-सामना
कलेक्ट्रेट के बाहर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग कर रखी थी। प्रदर्शनकारी जैसे ही बैरिकेडिंग के पास पहुंचे, वहां पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच बहस और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास किया।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच काफी देर तक खींचतान होती रही। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ दी, जिसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए उन्हें पीछे हटाने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।


चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस और INDIA गठबंधन के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नेताओं ने SIR को लेकर अपनी आपत्तियां जताते हुए इसे वापस लेने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर काफी देर तक माहौल गरमाया रहा। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई धक्का-मुक्की के कारण मौके पर तनाव की स्थिति भी बनी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बैरिकेडिंग से पीछे हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
उदयपुर में हुए इस प्रदर्शन के दौरान SIR का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस और INDIA गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे इस मुद्दे को लेकर अपना विरोध आगे भी जारी रखेंगे।
