उदयपुर। कैप्टन स्मिथ मछारा से जुड़ी साहसिक घटना ने देशभर में लोगों का ध्यान खींचा। इसी साहस और मानवता को सम्मान देने के उद्देश्य से मेवाड़ की धरती पर एक अनूठी पहल की गई है। मेवाड़ की शान, शौर्य और सम्मान की प्रतीक ‘कैप्टन स्मिथ मछारा 174 साहसी पगड़ी’ तैयार की गई है।
पगड़ी निर्माता के अनुसार, कैप्टन स्मिथ मछारा की बहादुरी और भारतीय मूल से जुड़ी जानकारी से वे प्रभावित हुए। इसी भावना को सम्मान देने के लिए उन्होंने अपने हुनर के माध्यम से विशेष पगड़ी तैयार करने का निर्णय लिया।
केसरिया और नीले रंग का खास संगम
भोपालशाही शैली में तैयार की गई इस विशेष पगड़ी में राजस्थान की वीरता और शौर्य का प्रतीक केसरिया रंग तथा एविएशन क्षेत्र से जुड़े नीले रंग का संयोजन किया गया है। निर्माता के अनुसार, दोनों रंग धरती के शौर्य और आकाश के साहस के संगम का प्रतीक हैं।

पगड़ी पर अंकित ‘174’ उस घटना से जुड़े लोगों की ओर संकेत करता है, जबकि ‘Courage’ शब्द कैप्टन स्मिथ मछारा के साहस को समर्पित किया गया है।
चार से पांच दिन में तैयार हुई पगड़ी
इस विशेष पगड़ी को तैयार करने में करीब चार से पांच दिन का समय लगा। इसके डिजाइन, रंगों और प्रतीकों को तय करने में विशेष सावधानी बरती गई, ताकि पगड़ी के माध्यम से साहस, मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश सामने आ सके।
पगड़ी निर्माता की इच्छा है कि यह विशेष सम्मान स्वयं कैप्टन स्मिथ मछारा तक पहुंचे। इसके लिए प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को पत्र भेजकर सहयोग का अनुरोध भी किया गया है।
निर्माता का कहना है कि यह पगड़ी केवल एक कलात्मक रचना नहीं है, बल्कि मेवाड़ की धरती की ओर से साहस, मानवता और कर्तव्यपरायणता को समर्पित सम्मान और सलाम है।
