बेंगलुरु। केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को इंडिगो की फ्लाइट 6E 6542 के लैंडिंग के दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया। यह फ्लाइट गुवाहाटी से बेंगलुरु आ रही थी।
जानकारी के अनुसार, विमान ने पहली बार लैंडिंग की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान उसका पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया। इसके बाद पायलट ने गो-अराउंड किया और विमान ने दोबारा उड़ान भरी। करीब दोबारा प्रयास के बाद विमान ने दोपहर 1:34 बजे सुरक्षित लैंडिंग की।
घटना के बाद विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हालांकि, विमान में उस समय कितने यात्री मौजूद थे, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
विमान की तकनीकी जांच शुरू
घटना के बाद विमान की उड़ान रोक दी गई है। विमान की तकनीकी जांच की जा रही है और पूरी तरह सुरक्षित पाए जाने के बाद ही इसे दोबारा उड़ान की अनुमति दी जाएगी।
इंडिगो की ओर से बताया गया कि घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को नियमों के मुताबिक दे दी गई है। विमान को आगे बेंगलुरु से कोयंबटूर जाना था। यात्रियों की सुविधा के लिए दूसरी फ्लाइट की व्यवस्था की गई।
वहीं, DGCA ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।
47 दिनों में इंडिगो से जुड़ी कई घटनाएं
इस घटना को पिछले कुछ सप्ताह में इंडिगो की उड़ानों से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों और परिचालन घटनाओं की श्रृंखला में एक और मामला बताया जा रहा है। इससे पहले अगस्त और सितंबर में भी इंडिगो की अलग-अलग उड़ानों में तकनीकी खराबी, डायवर्जन और इमरजेंसी लैंडिंग जैसी घटनाएं सामने आई थीं।
22 सितंबर: लंदन से दिल्ली आ रही इंडिगो फ्लाइट में धुआं दिखाई देने के बाद उसे लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट पर वापस उतारा गया।
15 सितंबर: अगरतला से दिल्ली जा रही फ्लाइट में कार्गो हिस्से से जुड़ी धुएं की चेतावनी के बाद विमान को लखनऊ डायवर्ट किया गया।
3 सितंबर: दोहा से बेंगलुरु आ रही फ्लाइट को पायलट की तबीयत खराब होने के बाद मस्कट में लैंड कराया गया।
1 सितंबर: गोवा से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट के एक इंजन में खराबी के बाद विमान को गोवा में वापस उतारा गया।
11 अगस्त: कोलकाता से चेन्नई जा रही फ्लाइट के बाएं इंजन में खराबी के बाद चेन्नई एयरपोर्ट पर लैंडिंग कराई गई।
फिलहाल बेंगलुरु की घटना में विमान के रनवे से टकराने की सटीक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
