वैभवी को न्याय दो… बैनर लेकर कलेक्ट्री पहुंचे परिजन और समाजजन, आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

उदयपुर। गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र की पैराडाइज लेक में तीन दिन पहले छात्रा वैभवी राजोरा की डूबने से हुई मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के बाद छात्रा के परिजनों ने एनसीसी शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपहरण और हत्या का मामला दर्ज कराया है। इसी मामले में आज बड़ी संख्या में परिजन और समाजजन उदयपुर जिला कलेक्ट्री पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए वैभवी के लिए न्याय की मांग की।

परिजनों का आरोप है कि एनसीसी शिक्षक छात्रा को बिना आधिकारिक अनुमति और बिना परिजनों को सूचना दिए पैराडाइज लेक लेकर गया था। परिजनों के मुताबिक, छात्रा को तैराकी के दौरान सुरक्षा के लिए जरूरी उपकरण भी उपलब्ध नहीं कराए गए और उसे अकेले पानी में उतारा गया। इसी दौरान छात्रा पानी में डूब गई, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद से ही परिवार में गम का माहौल है। वहीं, अब परिजन मामले में आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रशासन के सामने पहुंचे हैं। जिला कलेक्ट्री के बाहर बड़ी संख्या में समाज के लोग और परिजन हाथों में बैनर लेकर एकत्रित हुए।

प्रदर्शन के दौरान “वैभवी को न्याय दो” के नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और घटना की पूरी सच्चाई सामने लाने की मांग की। परिजनों ने प्रशासन से मांग की कि मामले में लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच की जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

परिजनों और समाजजनों का कहना है कि एक बेटी की मौत के मामले में परिवार को न्याय मिलना चाहिए। उनका कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों का पता चल सके और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।

फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों की जांच और पुलिस की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है। आरोपी पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Spread the love