उदयपुर में पत्रकार पर जानलेवा हमला, अंबामाता थाने में मामला दर्ज!

पल पल राजस्थान‌‌ ‌। महावीर व्यास


उदयपूर। शहर में पत्रकारों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। पत्रकार मनीष सेन पर कुछ असामाजिक तत्वों ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मनीष सेन के अनुसार, वे दिन में चेतक से अपने घर हर्ष नगर लौट रहे थे। इस दौरान मल्लातलाई चौराहा के पास एक टेम्पो ट्रैवलर के ड्राइवर से उनकी बहस हो गई। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत करवा दिया, और मनीष सेन घर लौट आए। रात करीब 9 बजे, जब वे वॉक के लिए निकले, तभी तीन युवकों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। उनकी चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े और उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही लेकसिटी प्रेस क्लब के पदाधिकारी और सदस्य अस्पताल पहुंचे और इस हमले पर गहरा आक्रोश जताया। पत्रकारों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। घटना की रिपोर्ट अंबामाता थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।

Spread the love