
डूंगरपुर। शहर की सड़कों पर रफ्तार का रोमांच और जानलेवा स्टंटबाजी करने वाले मनचलों के खिलाफ डूंगरपुर पुलिस ने अब पूरी तरह से जंग छेड़ दी है। चिखली हैंगिंग ब्रिज पर हुए दर्दनाक हादसे, जिसमें एक मासूम युवक की जान स्टंटबाजी की भेंट चढ़ गई थी, उसके बाद पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के कड़े तेवर देखने को मिले हैं। एसपी के निर्देशों पर कुआं थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन संस्कार’ के तहत ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए इलाके में हड़कंप मचा दिया। पुलिस ने इस विशेष अभियान के दौरान शहर के विभिन्न कोनों से 10 बाइकर्स को दबोचा है और स्टंट के लिए इस्तेमाल की जाने वाली 13 बेशकीमती पावर बाइक्स को जब्त कर थाने के पिछवाड़े खड़ा कर दिया है।
यह कार्रवाई उन रईसजादों और युवाओं के लिए एक बड़ा सबक है जो अपनी क्षणिक खुशी और सोशल मीडिया पर रील बनाने के चक्कर में दूसरों की जिंदगी को दांव पर लगा देते हैं। पुलिस की इस दबिश ने स्टंटबाजों के गिरोह को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेल दिया है। जब खाकी का डंडा चला और हवालात की हवा करीब नजर आई, तो जो युवक सड़क पर चीखती बाइक के साथ करतब दिखा रहे थे, वे थाने में भीगी बिल्ली बन गए। पुलिस के सामने इन युवाओं ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए न केवल कान पकड़े, बल्कि भविष्य में दोबारा कभी ऐसी जानलेवा स्टंटबाजी न करने की कसम खाकर माफी भी मांगी।
कुआं थाना पुलिस का कहना है कि चिखली ब्रिज जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए ‘ऑपरेशन संस्कार’ को और अधिक धार दी जाएगी। पुलिस अब उन चिन्हित हॉटस्पॉट्स पर सादे कपड़ों में भी नजर रख रही है जहां युवा अक्सर झुंड बनाकर स्टंट करते हैं। पुलिस ने दो टूक चेतावनी दी है कि शहर की सड़कों को मौत का अखाड़ा बनाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई से इलाके के आम नागरिकों ने राहत की सांस ली है, जो इन बेलगाम बाइकर्स के कारण सड़क पर चलने से भी खौफ खाने लगे थे।
