डूंगरपुर में झाड़ियों में मिला शव !

डूंगरपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में थाणा भाटिया फला के पास एक युवक का शव झाड़ियों के बीच मिला। युवक अपने दोस्त की शादी में पहनने के लिए नए कपड़े और जूते लेने के लिए निकला था। घर से 500 मीटर दूर शव मिलने पर सनसनी फैल गई। परिजन युवक की मौत पर शक जता रहे हैं। फिलहाल पुलिस घटना को लेकर जांच कर रही है।

कोतवाली थाना सीआई शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि थाणा भाटिया फला में शव मिला है। लोकेश गमेती (21) पुत्र काउड़ा गमेती मजदूरी का काम करता है। गांव में अपने एक दोस्त की शादी होने से गुरुवार को वह शादी में पहनने के लिए नए कपड़े और जूते लेने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वह वापस अपने घर नहीं लौटा। परिवार के लोगों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह रास्ते से जा रहे कुछ लोगों ने झाड़ियों के बीच एक युवक का शव पड़ा हुआ देखा। युवक के पास एक थैली पड़ी हुई थी। जिसमें नए कपड़े और पुराने जूते रखे थे। जबकि नए जूते उसने पहन लिए थे। घटना का पता लगने पर सनसनी फैल गई। वहीं परिजनों ने उसकी पहचान लोकेश गमेती के रूप में की। घटना की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। शव को डूंगरपुर अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया। वहीं परिजनों ने युवक की संदिग्ध मौत पर शक जताया। जिस पर पुलिस की ओर से मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम को लेकर कार्रवाई की जा रही है।

Spread the love